इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व क्रिकेटर टिम ब्रेसनन ने कहा कि भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को और अधिक परिपक्व होने की जरूरत है। ब्रेसनन को उम्मीद है कि ऑस्ट्रेलिया में होने वाले अगले टी-20 विश्व कप में पंड्या टीम के लिए अहम भूमिका निभायेंगे। पांड्या ने इंडियन प्रीमियर लीग के बीते सीजन में गेंद और बल्ले के अलावा अपनी कप्तानी प्रतिभा को साबित करते हुए पहली बार लीग में भाग ले रही गुजरात टाइटंस की टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।

हार्दिक पांड्या ने एशिया कप के लीग मैच में पाकिस्तान के खिलाफ बल्लेबाजी और गेंदबाजी से शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम को पांच विकेट से जीत दिलाई थी। लीजेंड लीग क्रिकेट (एलएलसी) के दूसरे सीजन में भीलवाड़ा किंग्स का प्रतिनिधित्व करने को तैयार ब्रेसनन ने एक इंटरव्यू में कहा कि टीम के संतुलन के लिए तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर का होना जरूरी है। इससे टीम एक क्रिकेटर से दो खिलाड़ियों की कमी पूरी करती है। पंड्या चोट के कारण लंबे समय तक टीम से बाहर थे।

चोट से उबरने के बाद उन्होंने आईपीएल के बीते सत्र से बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी करना शुरू किया। कार्यभार प्रबंधन के तहत उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी घरेलू टी20 इंटरनेशनल सीरीज से उन्हें आराम दिया गया है। ब्रेसनन ने पंड्या के विश्राम का समर्थन करते हुए कहा कि ऐसे खिलाड़ी पूरे मैच के दौरान सक्रिय रहते है, ऐसे में यह शारीरिक रूप से काफी मुश्किल होता है। तेज गेंदबाज ऑलराउंडर खिलाड़ी खरे सोने की तरह होते है।

ब्रेसनन ने एशिया कप के मैचों को नहीं देखा लेकिन उन्होंने टी-20 वर्ल्ड कप के लिए रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने का दावेदार माना। ब्रेसनन ने कहा कि भारत के अलावा टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड की टीम अंतिम चार में पहुंच सकती है। उन्होंने कहा कि आप भारत को हल्के में नहीं ले सकते। मुझे लगता है कि ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड की टीमें खिताब जीतने की दावेदार होंगी। भारत और पाकिस्तान के पास भी अच्छा मौका होगा। श्रीलंका ने एशिया कप में वास्तव में अच्छा प्रदर्शन किया है। ऐसे में अंदाजा लगाना मुश्किल है कि किस दिन कौन कैसा प्रदर्शन करेगा।