एशिया कप का दूसरा मुकाबला दुबई में रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। दस माह बाद दोनों देश आमने-सामने होंगे। इससे पहले दोनों इसी मैदान पर 24 अक्तूबर 2021 में टी-20 विश्वकप में खेले थे, जिसमें पाकिस्तान को 10 विकेट से जीत मिली थी।
अब टीम इंडिया इस हार का दाग धोने को बेक़रार है। दोनों ही टीमें एशिया कप का खिताब जीतने का प्रबल दावेदार मन जा रहा है। दोनों टीमों के प्रमुख गेंदबाज चोट की वजह से बाहर हैं। इसके बावजूद कांटे की टक्कर होना तय है।
इस मुकाबले की पिच रिपोर्ट के मुताबिक शुरुआत में पेसर्स को यहाँ मदद मिल सकती है और मिडिल ओवर में स्पिनर्स खासे सफल रहे हैं। मैदान का अकार भी बड़ा होने के कारण यहाँ 150 का स्कोर भी चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। दूसरी पारी में ओस का भी असर दिखाई दे सकता है।
पिछली बार जब दोनों टीमें आमने-सामने हुई थीं तब विराट कोहली कप्तान थे। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप से पहले ही बता दिया था कि वह टूर्नामेंट के बाद टी20 की कप्तानी छोड़ देंगे। उनके लिए बतौर कप्तान पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी मैच भूलने वाला रहा। टीम इंडिया पहली बार किसी वर्ल्ड कप में पाकिस्तान से हारी थी। टूर्नामेंट के बाद रोहित शर्मा नियमित कप्तान बने। इस रोहित के ऊपर पाकिस्तान से बदला लेने की जिम्मेदारी है।