BSF Kills 7 Pakistani Rangers: एक बार फिर पाकिस्तान की नापाक हरकत सामने आई है. दरअसल, पाकिस्तानी रेंजर्स ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर देर रात बीएसएफ (BSF) की पोस्ट को निशाने बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी. जिसके कारण दोनों पक्षों में अभी भी गोलीबारी जारी है.
इस गोलीबारी में बीएसएफ के दो जवान और चार नागरिक घायल हो गए. जिसके जवाब में बीएसएफ की ओर से की गई गोलीबारी में सात पाकिस्तानी रेंजर्स मारे गए हैं. कल देर रात पाकिस्तान ने जम्मू में 5 भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए फायरिंग की.
जिसमें बिक्रम पोस्ट पर तैनात कर्नाटक के एक जवान के हाथ में और जब्बोंवाल पोस्ट पर तैनात जवान के पैर में गोली लगी. फिलहाल, दोनों जवानों को जम्मू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है.
BSF ने हाई अलर्ट क्षेत्र घोषित किया-
बीएसएफ की जवाबी फायरिंग और सुरक्षा स्थिति को देखते हुए पूरे अरनिया सेक्टर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है. पुलिस ने लोगों से घरों और बंकरों में रहने की अपील की है. देर रात हुई फायरिंग में 25 से ज्यादा पाकिस्तानी मोर्टार शेल गिरे.
इस गोलीबारी को देखते हुए अरनिया सेक्टर में अस्पताल को अलर्ट पर रखा गया है. यहां 20 से अधिक चिकित्सा कर्मी तैनात हैं. इस फायरिंग की वजह से सीमा से सटे गांव वालों को रात भर बंकरों में शरण लेनी पड़ी है.
कुपवाड़ा में 5 आतंकी ढेर-
जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के माछिल सेक्टर में गुरुवार को सेना की संयुक्त टीम और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें 5 आतंकी ढेर हो गए. सेना ने आतंकियों की घुसपैठ की कोशिशों को नाकाम कर दिया.