नई दिल्ली. भारत की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण आज होगा. सोमवार को द्रौपदी मुर्मू संसद के केंद्रीय कक्ष में सुबह सवा 10 बजे सर्वोच्च संवैधानिक पद की शपथ लेंगी। चीफ जस्टिस एनवी रमना मुर्मू को राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाएंगे। शपथ के बाद द्रोपनी मुर्मू को राष्ट्रपति भवन में गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा. उन्हें 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। रामनाथ कोविंद का भी शिष्टाचार सम्मान किया जाएगा। फिर नए राष्ट्रपति के रूप में मुर्मू का संबोधन होगा। समारोह के समापन पर मुर्मू राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना होंगी. यहां उन्हें एक इंटर-सर्विस गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम में ओडिशा से खास मेहमान आएंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शपथ समारोह में देश के सर्वोच्च पद के लोग शामिल होंगे। राजनेता, न्यायाधीश, ब्यूरोक्रेट्स के साथ ही इस समारोह में द्रौपदी ने उड़ीसा के मयूरभंज जिले से 64 खास लोगों को निमंत्रण देकर बुलाया है। इन खास मेहमानों के लिए लंच का आयोजन राष्ट्रपति भवन में किया गया है। सभी मेहमानों को पूरा भवन घुमाया जाएगा। मई 2015 में जब उन्होंने गवर्नर पद की शपथ ली थी तब झारखंड के रांची और उड़ीसा के मयूरभंज जिले से करीब 3 हजार लोग द्रौपदी के खास मेहमान बनकर गए थे।
मुर्मू के खास मेहमानों में उनके भाई तरणीसेन टुडू और भाभी सुकरी टुडू, बेटी इतिश्री, दामाद, और उनकी दोनों नातिन हैं। उनकी दोस्त-धानकी मुर्मू भी खास मेहमानों में शामिल हैं। धानकी उनके साथ भुवनेश्वर में कॉलेज में पढ़ती थीं। द्रौपदी के हर दुख-सुख में यह दोस्त साथ रहती हैं।
एक साथ संसद पहुंचेंगे कोविंद और मुर्मू
समारोह से पहले निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद पहुंचेंगे। उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मंत्रिपरिषद के सदस्य, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, राजनयिक मिशनों के प्रमुख, संसद सदस्य और सरकार के प्रमुख असैन्य एवं सैन्य अधिकारी समारोह में शामिल होंगे।