लोकेश राहुल की कप्तानी में भारतीय टीम ने गुरुवार को खेले गए पहले वनडे में मेजबान जिम्बाब्वे को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत से भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त कायम कर ली। खास बात यह है कि राहुल की कप्तानी में टीम इंडिया को पहली जीत नसीब हुई है। राहुल की कमान में भारत ने इससे पहले तीन वनडे और एक टेस्ट खेला था, और सभी में टीम को हार मिली थी। वहीं, जिम्बाब्वे टीम को भारत के हाथों लगातार 13वीं हार झेलनी पड़ी।

टॉस जीतकर भारतीय टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और गेंदबाजों के दम पर मेजबान जिम्बाब्वे को 40.3 ओवर में 189 रन पर समेट दिया। जिम्बाब्वे के लिए 10वें नंबर के बल्लेबाज रिचर्ड नगरावा ने सर्वाधिक 34 रन बनाए। उन्होंने ब्रेड इवांस (नाबाद 33) संग नौवें विकेट के लिए 70 रन जोड़े। जवाब में भारत ने 30.5 ओवर में बिना विकेट गंवाए 192 रन बनाकर जीत हासिल कर ली।

गिल, धवन ने 192 रन की साझेदारी निभाई

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय सलामी जोड़ी शुभमन गिल और शिखर धवन ने पहले विकेट के लिए 192 रन की मैच विजयी साझेदारी निभाई। गिल ने करियर का तीसरा अर्धशतक लगाते हुए 82 रन की पारी खेली। उन्होंने 10 चौके और एक छक्का लगाया। शिखर धवन ने करियर का 38 वां अर्धशतक लगाते हुए 81 रन ठोके। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके लगाए।