पोर्ट ऑफ स्पेन. इंडिया ने दूसरे वनडे मैच में वेस्टइंडीज को 2 विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही टीम इंडिया ने 3 मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर सीरीज जीत ली। वनडे क्रिकेट में यह भारत की वेस्टइंडीज पर लगातार 12वीं सीरीज जीत है। इसके साथ ही इंडियन टीम ने किसी एक टीम को लगातार सबसे ज्यादा सीरीज में हराने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम पर कर लिया है। पिछला रिकॉर्ड पाकिस्तान टीम के नाम था। पाकिस्तान की टीम ने जिम्बाब्वे को लगातार 11 वनडे सीरीज में हराया है।
दूसरे मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए विंडीज टीम ने 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 311 रन बनाए। करियर का 100वां वनडे खेल रहे शाई होप ने 115 रनों की तूफानी पारी खेली। कप्तान निकोलस पूरन ने जोरदार 74 रन बनाए। इंडिया की ओर से शार्दूल ठाकुर ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए. जवाब में टीम इंडिया ने 49.4 ओवर में 8 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
भारत की ओर से अक्षर पटेल ने सबसे ज्यादा आतिशी 64 रन बनाए। श्रेयस अय्यर के बल्ले से 63 रन निकले। वहीं संजू सैमसन ने अपने वनडे करियर की पहली फिफ्टी लगाते हुए 54 रन की पारी खेली। शिखर धवन ने 31 गेंद का सामना किया और सिर्फ 13 रन बनाए। उनके जोड़ीदार शुभमन गिल 43 रन बनाकर पवेलियन लौटे। सूर्य कुमार यादव भी 8 गेंद में 9 रन बनाकर आउट हो गए।
इससे पहले शाई होप अपने 100वें वनडे में शतक जमाने वाले दुनिया के 10वें बल्लेबाज बने। शाई होप ने पूरन के साथ 126 गेंद में 117 रन की साझेदारी निभाई और लड़खड़ा रही कैरिबियाई टीम को संकट से निकाला।