सुपर-12 के बारिश से प्रभावित मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को आखिरी गेंद पर हराकर सेमीफाइनल मे अपना टिकट लगभग पक्का कर लिया। वहीं इस हार के साथ ही बांग्लादेश की सेमी की उम्मीदों पर पानी फिर गया। भारत की यह चौथे मुकाबले में तीसरी जीत है और उसके अब 6 अंक हो गए हैं, भारत को अपना आखिरी मुकाबला जिम्बाब्वे के साथ खेलना है।

एडिलेड में खेले गए मुकाबले में बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत ने 20 ओवर में छह विकेट पर 184 रन बनाए। बांग्लादेश को मैच जीतने के लिए 185 रनों की जरूरत थी, लेकिन बारिश के कारण उसे 16 ओवर में 151 रन बनाने का लक्ष्य दिया गया। जवाब में बांग्लादेश 16 ओवर में 6 विकेट पर 145 रन ही बना सकी।

बांग्लादेश को आखिरी ओवर में जीत के लिए 20 रन चाहिए थे। अर्शदीप सिंह ने केवल 14 रन दिए। मैच को आखिरी गेंद तक ले जाने के लिए नुरुल हसन सोहन ने एक चौका और एक छक्का लगाया, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।

विराट कोहली ने इस मैच में भारत की ओर से सबसे ज्यादा नाबाद 64 रन बनाए। भारत की ओर से कोहली के अलावा केएल राहुल ने 32 गेंदों में 50 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव ने 16 गेंदों में 30 रन बनाए। रविचंद्रन अश्विन छह गेंदों पर 13 रन बनाकर नाबाद रहे। दिनेश कार्तिक और अक्षर पटेल सात-सात रन बनाकर पवेलियन लौटे। हार्दिक पांड्या ने पांच और रोहित शर्मा ने दो रन बनाए। बांग्लादेश के लिए हसन महमूद ने तीन और शाकिब अल हसन ने दो विकेट लिए।

बांग्लादेश की पारी की बात करें तो लिटन दास ने 27 गेंदों में 60 रन बनाकर ताबड़तोड़ शुरुआत की। नूरुल हसन 14 गेंदों में 25 रन बनाकर नाबाद रहे। नजमुल हुसैन शान्तो ने 21, शाकिब अल हसन ने 13 और तस्कीन अहमद ने नाबाद 12 रन बनाए। भारत के लिए अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या ने दो-दो विकेट लिए। मोहम्मद शमी सफल रहे। विराट कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।