टीम इंडिया ने दूसरे टी-20 मैच में इंग्लैंड को 49 रन से हरा दिया. इस तरह 3 मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। टॉस हारकर पहले बैटिंग कर भारत ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 170 रन बनाए। रवींद्र जडेजा ने इंडिया के लिए सबसे ज्यादा 46 रनों की पारी खेली। जवाब में इंग्लैंड की टीम महज 17 ओवर में 121 रन के स्कोर पर सिमट गई। मोइन अली ने सबसे ज्यादा 35 रन बनाए। भारत के लिए भुवनेश्वर कुमार ने जबर्दस्त प्रदर्शन करते हुए सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह और युजवेंद्र चहल को मैच में2-2 मिले।

रोहित शर्मा की कप्तानी में तीनों फॉर्मेट को मिलाकर भारत की यह लगातार 19वीं जीत है। उनकी कप्तानी में टी-20 क्रिकेट में यह लगातार 14वीं जीत है। यह नया वर्ल्ड रिकॉर्ड है। भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने 29 गेंद पर सबसे ज्यादा 46 रन की पारी खेली। खराब फॉर्म से जूझ रहे विराट कोहली एक बार फिर फ्लॉप साबित हुए और सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए। इंग्लैंड के लिए क्रिस जॉर्डन ने 4 विकेट लिए। अपना पहला मैच खेल रहे रिचर्ड ग्लीसन ने तीन विकेट अपने नाम किए।

मैच में इंडिया ने बड़ा बदलाव किया और ऋषभ पंत के साथ रोहित शर्मा सलामी बल्लेबाजी करने आए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 29 गेंद में 49 रन जोड़े लेकिन रोहित 20 गेंद में 31 रन बनाकर आउट हुए, इसके बाद लगातार दो गेंदों पर दो विकेट गिरे। अगली ही गेंद पर धमाकेदार बल्लेबाजी कर रहे ऋषभ पंत भी 15 गेंद में 26 रन बनाकर चलते बने। सूर्य कुमार यादव भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए और 15 रन बनाकर आउट हो गए। हार्दिक भी अगली ही गेंद पर 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। दोनों को क्रिस जॉर्डन ने आउट किया। पंड्या के आउट होने के बाद दिनेश कार्तिक भी कुछ खास नहीं कर पाए और 17 गेंद में 12 रन बनाकर रनआउट हो गए।

भारत ने प्लेइंग इलेवन में 4 बदलाव किए। विराट कोहली, ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा की वापसी हुई वहीं, अर्शदीप सिंह, दीपक हुड्डा, अक्षर पटेल और ईशान किशन को बाहर किया गया। जोस बटलर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था।