भारत ने श्रीलंका को आठ विकेट से हराकर महिला एशिया कप जीत लिया। टीम इंडिया ने सातवीं बार महिला एशिया कप का खिताब अपने नाम किया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका की टीम 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 65 रन ही बना सकी। टीम इंडिया ने लक्ष्य 8.3 ओवर में दो विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।

भारत की जीत की शिल्पकार रेणुका सिंह और स्मृति मंधाना रहीं। पहले रेणुका सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके। इसके बाद स्मृति मंधाना ने नाबाद 51 रन बनाकर टीम इंडिया लो एशिया कप जिता दिया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंकाई टीम की शुरुआत खराब रही। कप्तान चमारी अटापट्टू और विकेटकीपर अनुष्का संजीवनी की सलामी जोड़ी ने काफी धीमी शुरुआत की। पावरप्ले के अंदर ही श्रीलंका की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। 

इधर 66 रन के मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शेफाली वर्मा पांच रन और जेमिमा रोड्रिग्स दो रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद उपकप्तान स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने श्रीलंका को विकेट हासिल नहीं करने दिया और टीम इंडिया को जीत दिलाई। 

मंधाना ने 25 गेंदों में छह चौके और तीन छक्के की मदद से 51 रन की नाबाद पारी खेली। कप्तान हरमनप्रीत 11 रन बनाकर नाबाद रहीं। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए नाबाद 36 रन की साझेदारी की। श्रीलंका की ओर से इनोका रणवीरा और कविशा दिलहारी ने एक-एक विकेट लिया।