Indian Plane Crashed: मॉस्को जा रहा भारतीय विमान अफगानिस्तान के बदख्शां के वाखान क्षेत्र में क्रैश हो गया. इस बात की जानकारी अफगान मीडिया ने दी है. ये विमान अफगानिस्तान के रास्ते रूस जा रहा था तभी अचानक अफगानिस्तान के बदख्शां प्रांत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. फ़िलहाल, इसकी आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है.
अफगानिस्तान के स्थानीय टेलीविजन चैनल टोलोन्यूज ने प्रांतीय सूचना एवं संस्कृति विभाग के एक अधिकारी के हवाले से रविवार यानी 21 जनवरी को बताया कि उत्तरी अफगानिस्तान के बदख्शां प्रांत में एक यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस दुर्घटनाग्रस्त विमान को लेकर एक टीम कुरान-वा-मुंजन जिले के तोपखाना इलाके में भेजी गई है.
हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स व सूत्रों ने इस दुर्घटना से होने वाले नुकसान और इसके होने के कारण के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है. यानी, कुल मिलाकर अभी तक विमान दुर्घटना को लेकर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है. सिर्फ़ अफगानिस्तानी मीडिया ने दावा किया कि एक भारतीय यात्री विमान अफगानिस्तान में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है.
ABP न्यूज़ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले पर MoCA और DGCA के सूत्रों ने बताया कि अभी तक कोई निर्धारित भारतीय एयरलाइन/ऑपरेटर के बारे में जानकारी नहीं है. हमें लगता है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान कोई चार्टर प्लेन है, जिसकी जांच अफगानिस्तान से की जा रही है.
वहीं, MoCA और DGCA के सूत्रों ने आगे बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान भारत में रजिस्टर्ड नहीं है. ऐसा प्रतीत होता है कि प्लेन रूस में रजिस्टर्ड है. किसी भी भारतीय एयरलाइन के पास रूस रजिस्टर्ड विमान नहीं है.

न्यूज़ एजेंसी ANI के मुताबिक, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) अधिकारी ने पुष्टि की है कि यह भारतीय विमान नहीं है. जो विमान कुरान-वा-मुंजन जिले के तोपखाना इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ, वह मोरक्कन पंजीकृत डीएफ 10 विमान था. टोलो न्यूज के हवाले से गलत जानकारी वाले पहले ट्वीट को हटा दिया गया है.