असम के जोरहट से कोलकाता जा रही इंडिगो की फ्लाइट रनवे से फिसल गई जिससे उसमें बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जोरहट एयरपोर्ट के रनवे पर कुछ दूरी तय करने के बाद ही विमान के पहिए अचानक से रनवे से फिसलकर दलदल में फंस गए।
इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6 ई-757 अपने निर्धारित समय पर दोपहर 2.20 बजे कोलकाता के लिए उड़ान भरने के लिए रवाना हुई लेकिन रनवे पर कुछ मीटर की दूरी पर पहुंचने के बाद विमान का चक्का अचानक रनवे से उतर गया।
बताया जा रहा है, कि, इस विमान में कुल 98 यात्री सवार थे। हालांकि, किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है, सभा यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया। यात्रियों को एयरपोर्ट के प्रतिक्षालय में ठहराया गया, साथ ही यात्रियों के खान-पान आदि की व्यवस्था भी इंडिगो प्रबंधन की तरफ से की गई।
इंडिगो का ये विमान रोजाना कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से दोपहर 12.30 बजे उड़ान भरकर 1.50 बजे जोरहाट एयरपोर्ट पहुंचती है। ये भी कहा जा रहा है, कि पिछले कई दिनों से लगातार विमान में खराबी की घटनाएं सामने आ रही हैं। वहीं कुछ विमानों की इमरजेंसी लैंडिंग तो कहीं तकनीकी खराबी की घटनाओं के मामले भी सामने आए हैं।