खराब मौसम के कारण फ्लाइट्स में देरी का सिलसिला जारी है। इस बीच दिल्ली में एक विमान के उड़ान भरने में देर होने से एक यात्री को इतना गुस्सा आया कि उसने फ्लाइट कैप्टन पर हमला कर दिया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में एक शख्स को पायलट को मुक्का मारते हुए देखा जा सकता है। एविएशन सिक्योरिटी एजेंसी ने घटना का संज्ञान लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि यह घटना तब हुई जब पायलट कोहरे के कारण दिल्ली से गोवा की फ्लाइट में देरी के बारे में यात्रियों को माइक्रोफोन पर जानकारी दे रहा था। इसी बीच एक यात्री ने पायलट को मुक्का मार दिया।
घटना रविवार दोपहर एक बजे की है। यात्री की पहचान साहिल कटारिया के रूप में हुई है। इस घटना पर दिल्ली पुलिस ने कहा, 'हम आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करेंगे।' इंडिगो की तरफ से यात्री के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई है।
इस घटना का वीडियो वायरल होते ही लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। एक यूजर ने कहा, 'उड़ान में देरी के बारे में एक पायलट क्या कर सकता है? वह तो बस अपना काम कर रहा था। इस व्यक्ति को गिरफ्तार किया जाना चाहिए और नो-फ्लाई लिस्ट में डाला जाना चाहिए। उसकी तस्वीर सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि दूसरों को उसके बुरे व्यवहार के बारे में पता चल सके।'
एक अन्य यूजर ने कहा, 'इस शख्स पर मारपीट का मामला दर्ज किया जाना चाहिए। इसे नो-फ्लाई लिस्ट में डाला जाना चाहिए। यात्री का यह व्यवहार अस्वीकार्य है।