बॉर्डर-गावसकर ट्रॉफी में भारत-ऑस्ट्रेलिया का धर्मशाला में होने वाला तीसरा टेस्ट अब इंदौर में होगा। भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोमवार को प्रेस रिलीज जारी कर इस फैसले की पुष्टि की है। अब इंदौर के होलकर स्टेडियम में यह मुकाबला होगा। 

यह मुकाबला पहले एक से पांच मार्च तक एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में खेला जाना था, यहाँ ठंड बहुत ज्यादा है और इस वजह से आउटफील्ड में पर्याप्त घास का घनत्व नहीं था। घास लगाने में भी काफी वक्त लग जाएगा। इस वजह से तीसरे टेस्ट का आयोजन स्थल बदला गया है। 

बीसीसीआई ने पुष्टि की है कि दिल्‍ली में 17 फ़रवरी से शुरू होने वाले तीसरे टेस्‍ट मैच के बाद दोनों टीम इंदौर जाएंगी जहां 1 मार्च से होल्‍कर स्‍टेडियम में तीसरा टेस्‍ट खेला जाएगा। बीसीसीआई ने धर्मशाला को मेज़बानी से बाहर कर इंदौर और राजकोट दो विकल्‍प रखे थे।

पहले की गई रिपोर्ट के मुताबिक, पैनल 11 फ़रवरी को मैदान पहुंचा था और जांचा था कि आउटफ़ील्‍ड के कुछ हिस्‍से तैयार नहीं है, क्‍योंकि हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ ने हाल ही में नया ड्रेनेज सिस्‍टम मैदान में लगाया था। दूसरा कारण यह भी था कि धर्मशाला में पिछले दो मैच पिछले साल फ़रवरी में भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए थे, इसके बाद यहां कोई अंतर्राष्‍ट्रीय मैच नहीं हुआ था। 

होल्‍कर स्‍टेडियम में पिछले दो टेस्‍ट न्‍यूज़ीलैंड के ख़‍िलाफ़ 2016 और बांग्‍लादेश के ख़‍िलाफ़ 2019 में खेले गए थे और दोनों ही मैच भारत ने बड़े अंतर से जीते थे। आर अश्विन ने इन दो टेस्‍ट में 18 विकेट लिए थे जिसमें न्‍यूज़ीलैंड के ख़‍िलाफ़ 140 रन देकर 13 विकेट का प्रदर्शन था, जबकि विराट कोहली ने भी इस मैच में 211 रन बनाए थे।