भोपाल: राज्य के वन विभाग ने इंदौर नगर निगम के स्वामित्व वाली 260 हेक्टेयर में फैली सिरपुर झील को जैव विविधता विरासत स्थल घोषित कर दिया है। इस झील में पुष्प की 175 प्रजातियां तथा जीवों की 177 प्रजातियां हैं जिनमें पक्षियों की संख्या 130 प्रजातियां, सरीसृप एवं अन्य जन्तुओं की 14 प्रजातियां तथा तितलियों की 34 प्रजातियां हैं।
यह झील प्रवासी पक्षियों के लिये महत्वपूर्ण प्राकृतिक वास है तथा प्रवासी पक्षियों की लगभग 100 प्रजातियां शीत ऋतु में यहां प्रवास करती हैं। सिरपुर झील पहले से ही रामसर साइट एवं इम्पोर्टेन्ट बर्ड एरिया घोषित है। विरासत स्थल घोषित होने से सिरपुर झील के संरक्षण हेतु प्रबंध योजना बनेगी।
राज्य शासन ने भोपाल के वाल्मी परिसर को भी जैव विधिता विरासत स्थल बनाने के लिये प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। उल्लेखनीय है कि मप्र में पूर्व में छिंदवाड़ा का पाताकोट, अमरकंटर एवं सतना की नरो हिल्स जैव विविधता विरासत स्थल घोषित हो चुके हैं। दो नये स्थलों को मिलाकर इनकी कुल संख्या पांच हो जायेगी।