त्योहारों से पहले एक बार फिर जनता महंगाई की मार झेल रही है। अमूल कंपनी ने दूध के दाम में 2 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। अब एक लीटर फुल क्रीम दूध की कीमत बढ़कर 63 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इससे पहले अमूल ने अगस्त महीने में दूध के दाम बढ़ाए थे। दाम बढ़ाए जाने का कारण बढ़ती लागत को बताया जा रहा है। दूध की कीमत में अचानक से बढ़ोत्तरी कर दी गई, जिसके चलते आज सुबह लोगों को बढ़े हुए दाम पर दूध  खरीदना पड़ा।

गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन ने अपने फुल क्रीम दूध की कीमत 2 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 63 रुपये प्रति लीटर कर दी है, जो पहले 61 रुपये प्रति लीटर थी। हालांकि दूध की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर कंपनी की ओर से अभी कोई बयान जारी नहीं किया गया है।

यह तीसरी बार है जब अमूल ने इस तरह कीमतों में बढ़ोतरी की है। कंपनी ने पहले अगस्त और मार्च में अपने दूध उत्पादों की कीमतों में उत्पादन की उच्च लागत को देखते हुए कीमतों में बढ़ोतरी की थी। इससे पहले अगस्त में, अमूल सहित प्रमुख दूध निर्माताओं और वितरकों ने अपने उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। मदर डेयरी जैसे मिल्क ब्रांड ने भी अमूल के दूध की कीमत में वृद्धि की तर्ज पर ही दूध के दाम 2 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोत्तरी कर दी थी।

दूध की बढ़ती हुई क़ीमतों का सीधा असर घर के बजट पर पड़ेगा। क्योंकि दूध सबसे अधिक इस्तेमाल किए जाने वाले उत्पादों में से एक है। नई दरों के अनुसार, अमूल शक्ति दूध अब 50 रुपये प्रति लीटर, अमूल गोल्ड 63 रुपये प्रति लीटर और अमूल ताजा 56 रुपये प्रति लीटर की क़ीमत पर उपलब्ध है।