भोपाल. साढ़े चार माह की स्थिरता के बाद बीते हफ्ते मंगलवार से शुरू हुआ पेट्रोल-डीजल के दाम में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। बीते आठ दिन में सातवीं बार तेल कंपनियों ने पेट्रोल व डीजल के दाम में बढ़ोतरी की है।

मंगलवार को भोपाल में पेट्रोल व डीजल के दाम क्रमशः 87 व 72 पैसे बढ़ गए। इसके साथ ही सादा पेट्रोल के दाम 112146 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गए, वहीं डीजल का 95181 रुपए हो गया। सुबह छह बजे से यह बढ़े हुए दाम प्रभावी हो गए।

तेल कंपनियों द्वारा बीते आठ दिन में पांचवीं बार पेट्रोल-डीजल के दाम में 70-80 पैसे से ज्यादा की बढ़ोतरी की है। उल्लेखनीय है कि तेल कंपनियों ने 137 दिनों के बाद बीते मंगलवार को उपभोक्ताओं को बड़ा झटका देते हुए पेट्रोल-डीजल की कीमत में 80 पैसे से ज्यादा बढ़ोतरी की थी।

इसके बाद बुधवार को भी दाम में बढ़ोतरी हुई। गुरुवार को पेट्रोल डीजल के दाम नहीं बढ़ाए गए। लेकिन इसके बाद बीते पांच दिन से लगातार पेट्रोल व डीजल के दाम पुनः बढ़ रहे हैं। स्थिति यह है कि बीते आठ दिन में पेट्रोल के दाम पांच रुपये से ज्यादा बढ़ चुके हैं। वहीं डीजल भी 4.85 रुपये महंगा हो गया है।