इजरायल और हमास के बीच अक्टूबर से जारी जंग में बड़ा मोड़ आया है। इजराइली संसद ने हमास के साथ युद्धविराम पर मुहर लगा दी है। इजरायल की सरकार ने हमास के साथ गाजा में बंधक बनाए गए 50 महिलाओं और बच्चों की रिहाई के बदले जंग को चार दिनों तक रोकने के लिए युद्धविराम चार दिन के समझौते का समर्थन किया है।
इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय से जारी किए गए बयान में कहा गया है कि चार दिनों के अंतराल पर 50 महिलाओं और बच्चों को रिहा किया जाएगा। इस दौरान किसी भी तरह की लड़ाई पर रोक लगी रहेगी। बयान में कहा गया कि हर अतिरिक्त 10 बंधकों की रिहाई पर युद्धविराम को एक और दिन के लिए बढ़ाया जाएगा।
हालांकि बयान में इस बात का जिक्र नहीं किया गया कि क्या इसके बदले फिलिस्तीनी बंधकों को भी रिहा किया जाएगा। गाजा में लगातार हो रही बमबारी के बीच ये पहला मौका है, जब इजरायल जंग को रोकने के लिए तैयार हुआ है। जंग में मध्यस्थ कतर, अमेरिका के साथ इजरायल और हमास के अधिकारियों ने भी शांति के लिए समझौते की जरूरत पर बल दिया है।
बताया जा रहा है कि इस समझौते के तहत 50 इजरायली नागरिकों को रिहा किया जाएगा, जो गाजा में कैद हैं। इनमें ज्यादातर बच्चे और महिलाएं हैं। हर दिन 12 से 13 लोगों को रिहा किया जा सकता है। समझौते के तहत इजराइल साउथ गाजा के ऊपर 6 घंटे के लिए सर्विलांस ड्रोन्स की उड़ानें भी रोकेगा।