पाकिस्तान के मियांवाली एयरबेस पर बड़ा आत्मघाती हमला हुआ है। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन तहरीक-ए-जिहाद ने ली है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हमले में मियांवाली एयरबेस को भारी नुकसान हुआ है।
पाकिस्तानी सेना ने बयान जारी कर कहा है कि उसने आतंकी हमले को नाकाम कर दिया है और 6 आतंकियों को मार गिराया है। इसके साथ ही सेना ने कहा है कि आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन खत्म हो गया है और आत्मघाती हमले के कारण वायुसेना के तीन विमान क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आतंकियों ने मियावाली एयरबेस में घुसने के लिए सीढ़ियों का इस्तेमाल किया। आतंकी दीवारों पर सीढ़ियां लगाकर परिसर में दाखिल हुए और एक के बाद एक कई धमाके किए।
तहरीक-ए-जिहाद के प्रवक्ता मुल्ला मोहम्मद कासिम ने पाकिस्तान वायु सेना पर आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी ली। प्रवक्ता ने दावा किया कि हमले में कई हमलावर शामिल थे। ये एयरबेस पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के मियांवाली में स्थित है। यह पाकिस्तान वायु सेना की उत्तरी वायु कमान के अंतर्गत आता है।