इजरायल और गाजा के बीच जंग कभी भी बड़ा रूप धारण कर सकती है। ईरान और अमेरिका से आए ताजा बयानों ये सही संकेत मिल रहे हैं। वहीं, जंग जारी है। सोमवार को 10वां दिन है। वहीं इजरायल और हमास में जारी युद्ध के बीच अमेरिका में हेट क्राइम का वीभत्स रूप सामने आया है। यहां 71 साल के बुजुर्ग जोसेफ ने 6 साल के फिलीस्तीनी बच्चे पर चाकू से 26 बार हमला करके उसकी हत्या कर दी। इसके बाद बच्चे की मां पर भी हमला किया गया, महिला गंभीर रूप से घायल बताई जा रही है।
शिकागो में विल काउंटी शेरिफ दफ्तर ने बताया कि जांच में सामने आया है कि बुजुर्ग ने हमास और इजरायल में चल रहे युद्ध से प्रभावित होकर ये हमला किया। हमास और इजरायल में जारी युद्ध के बीच अमेरिका में यहूदी विरोधी या इस्लामोफोबिक भावनाओं से प्रेरित हिंसा को लेकर हाई अलर्ट है। दोनों पीड़ित शनिवार की सुबह शिकागो से लगभग 65 किमी दूर एक घर में मिले थे।
गाजा पर कब्जे का इरादा नहीं
इस बीच, संयुक्त राष्ट्र में इजरायल के प्रतिनिधि ने स्पष्ट किया है कि उनका इरादा गाजा पर कब्जा करना नहीं, बल्कि हमास का सफाया करना है। हमास एक आतंकवादी संगठन है, जो फिलिस्तीन का प्रतिनिधित्व नहीं करता है।