अफगानिस्तान में विदेशियों की सुरक्षा पर एक बार फिर से सवाल खड़े हो गए हैं। तालिबान के दो सूत्रों ने एक समाचार एजेंसी को बताया कि सोमवार को काबुल में कुछ बंदूकधारियों ने एक इमारत पर गोलियां चलाईं। इस इमारत में कुछ विदेशी ठहरे थे। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि फायरिंग में कोई हताहत हुआ है या नहीं। जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने इसी इलाके के शहर-ए-नवा होटल को निशाना बनाया।

इस होटल को चीनी होटल कहा जाता है क्योंकि चीन के वरिष्ठ अधिकारी यहां अक्सर आते-जाते रहते हैं। काबुल के शहर-ए-नौ क्षेत्र के निवासियों के अनुसार, लगातार गोलीबारी के बाद जोरदार धमाका हुआ। इलाके के निवासियों ने कहा कि हमला एक ऐसी इमारत पर किया गया जहां आमतौर पर चीनी और अन्य विदेशी आकर रुकते हैं।

हाल ही में इस्लामिक स्टेट के आतंकियों ने अफगानिस्तान में कई हमले किए हैं। अफगानिस्तान ने हाल ही के महीनों में कई बम विस्फोट और गोलीबारी देखी है, कुछ का दावा है कि ये इस्लामिक स्टेट के आतंकवादियों द्वारा किए गए थे। अमेरिकी नेतृत्व वाली विदेशी सेना की वापसी के बाद अगस्त 2021 में सत्ता पर कब्जा करने वाले इस्लामिक तालिबान ने कहा है कि उनका ध्यान देश में कानून व्यवस्था को मजबूत करने पर है।