अमेरिका के ल्यूस्टन शहर में तीन जगहों पर अंधाधुंध गोलीबारी में 22 लोगों की मौत हो गई। हमले में 50 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। घटना को अंजाम देने के बाद से संदिग्ध फरार है। हमलावर की तस्वीरें सामने आ चुकी हैं।
एक तस्वीर में उसके पास बंदूक नज़र आ रही है, जिससे वो लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग कर रहा था। गोलीबारी की घटना को बॉलिंग एली, लोकल बार सहित वॉलमार्ट सेंटर में हुई। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
हमलावर की पहचान रॉबर्ट कार्ड के रूप में की गई है। उसने सेना में हवलदार के रूप में लगभग 20 सालों तक काम किया था। हमलावर ने ऐसा क्यों किया, इसका पता नहीं चल पाया है। हमलावर ने तीन अलग-अलग कमर्शियल सेंटर्स स्पेयरटाइम रिक्रिएशन, स्कीमेंजीस बार एंड ग्रिल रेस्तरां और एक वॉलमार्ट सेंटर में फायरिंग की।
पुलिस को हमलावर की कार ल्यूस्टन से करीब 8 मील की दूरी पर लिस्बन शहर में खड़ी होने की जानकारी मिली है। ये देखते हुए लिस्बन में सभी लोगों को घर के अंदर ही रहने की सलाह दी गई है। व्हाइट हाउस मुताबिक़ अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अधिकारियों से मामले की जानकारी ली है।