इज़रायल और हमास के बीच जारी जंग में भारतीयों की सुरक्षित वापसी शुरू हो गई है। ऑपरेशन अजय के तहत पहली फ्लाइट भारत आ गई है। इस फ्लाइट से 212 भारतीय स्वदेश लौटे हैं। आगे भी इज़राइल में फंसे भारतीयों की वापसी विशेष फ्लाइट्स से होनी है।
इजराइल से ऑपरेशन अजय के तहत 212 भारतीय नागरिकों को लेकर आ रही पहली उड़ान में यात्रियों द्वारा 'वंदे मातरम' और 'भारत माता की जय' के नारे लगाए गए। फ्लाइट आज सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक़ इज़रायल में 18 हजार के लगभग भारतीय फंसे हैं। इनमें ज्यादातर आईटी प्रोफेशनल और छात्र हैं। इज़रायल और हमास युद्ध के बीच फंसे भारतीयों को निकालने के लिए मोदी सरकार ने विशेष अभियान चलाया है, जिसे 'ऑपरेशन अजय' नाम दिया गया है।
भारतीय यात्रियों को स्वदेश लाने का खर्च मोदी सरकार उठा रही है। इज़रायल से पहली फ्लाइट जब नई दिल्ली पहुंची, तो स्वदेश लौटे लोगों की अगवानी के लिए केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मौजूद थे।
इज़रायल पर अचानक 7 अक्टूकर को हुए हमले के बाद एयर इंडिया ने वहां जाने वाली सभी उड़ानों को रद्द कर दिया था। ऐसे में इज़रायल में फंसे लोगों के पास भारत लौटेने का कोई जरिया नहीं था लेकिन अब भारत ने ऑपरेशन अजय के तहत भारतीयों को स्वदेश लाने का अभियान शुरू कर दिया है।