सोशल मीडिया पर मोस्ट वांटेड अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम को लेकर काफी चर्चा है। दावा किया जा रहा है कि दाऊद को कराची में जहर दिया गया। कहा जा रहा है, कि इसके बाद से दाऊद इब्राहिम अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

हालांकि, इस बारे में अभी तक कोई पुष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। दरअसल, सोशल मीडिया पर कई यूजर्स दावा कर रहे हैं कि दाऊद इब्राहिम को कराची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दावा किया जा रहा है कि किसी अज्ञात शख्स ने उन्हें जहर दिया है। जिसके चलते दाऊद को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बताया जा रहा है, कि दाऊद के गिरोह के एक पूर्व सदस्य ने पुष्टि की है कि दाऊद गंभीर बीमारी के कारण कराची के एक अस्पताल में भर्ती हैं, उन्हें दो दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें कड़ी सुरक्षा में रखा गया है और जहां उन्हें भर्ती कराया गया है वहां किसी को भी जाने की इजाजत नहीं है। केवल उच्च अधिकारी और परिवार के करीबी सदस्य ही वहां जा सकते हैं।

हालांकि दाउद को जहर दिया गया है या नहीं इस बारे में अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है। कहा जा रहा है कि मुंबई पुलिस के अधिकारी दाऊद के करीबी रिश्तेदारों (भतीजे अलीशा पारकर और साजिद वागले) से भी इस बारे में और जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। पाकिस्तानी मीडिया ने भी सोशल मीडिया का हवाला दिया है। जियो टीवी न्यूज ने सोशल मीडिया का जिक्र भी किया।

65 वर्षीय दाउद इब्राहिम दुनिया भर की एजेंसियों को चकमा देकर कई वर्षों से कराची में रह रहा है। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार, उसके अस्पताल में भर्ती होने का कारण अभी भी स्पष्ट नहीं है। इससे पहले यह भी दावा किया गया था कि दाऊद कई गंभीर बीमारियों से पीड़ित है।

हाल ही में चर्चा थी कि कराची के एक अस्पताल में गैंगरीन के कारण उनके पैर की दो उंगलियां काट दी गईं। वहीं पाकिस्तान में सोशल मीडिया सर्वर डाउन है। पाकिस्तानी पत्रकार आरज़ू काज़मी ने यूट्यूब पर एक वीडियो भी पोस्ट किया है, जिसमें सोशल मीडिया पर ये चर्चाएं चल रही हैं।