Congress MLA Arrest: पंजाब पुलिस ने 2015 के ड्रग्स मामले में कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा को गिरफ्तार कर लिया गया है. खैरा गुरुवार को फेसबुक लाइव कर रहे थे, इसी दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. अब इस मामले में बड़ा सियासी बवाल मचा हुआ है.

अफवाह है कि इस गिरफ्तारी के बाद इंडिया गठबंधन में भी विवाद शुरू हो गया है. पिछले कुछ महीनों में पंजाब के कई नेताओं के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं, जिनमें कुछ पूर्व मंत्री भी शामिल हैं. ऐसे में इंडिया गठबंधन की एकता पर सवाल उठ रहे हैं.

इस मामले पर जब दिल्ली के मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हम इंडिया गठबंधन के साथ हैं. हमारी पार्टी इंडिया अलायंस के लिए प्रतिबद्ध हैं.

हालांकि, पंजाब में कांग्रेस विधायक की गिरफ्तारी पर केजरीवाल बोले, मुझे पता चला है कि पंजाब पुलिस ने कल किसी कांग्रेसी नेता को गिरफ्तार किया है. इसकी पूरी जानकारी मेरे पास नहीं है. इस बारे में पंजाब पुलिस ही बता पाएगी. उन्होंने कहा कि पंजाब में हमने नशे के खिलाफ जंग छेड़ी हुई है. मैं किसी व्यक्तिगत मामले या व्यक्ति पर टिप्पणी नहीं करना चाहूंगा. लेकिन, नशे के कारोबार को खत्म करने के लिए हम लोग पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं.

वहीं, इस गिरफ्तारी से इंडिया गठबंधन में टकराव की ख़बरों पर केजरीवाल बोले, आप (AAP) इंडिया एलायंस के साथ है. हम लोग इंडिया एलायंस को निभाने वाले हैं. लेकिन, हम पंजाब से नशा भी खत्म करना चाहते हैं. इंडिया गठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर सवाल पूछा गया तो केजरीवाल ने साफ़ तौर पर कहा कि राजस्थान, मध्यप्रदेश, तेलंगाना समेत पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के बाद ही सीटों का बंटवारा किया जाएगा. जिन्हें इन चुनावों में बढ़त मिलेगी, उन्हें ज्यादा सीटें दी जा सकती हैं.

इंडिया गठबंधन में प्रधानमंत्री का चेहरा कौन होगा इस पर केजरीवाल ने ज्यादा खुलकर अपनी बात तो नहीं रखी. उन्होंने सिर्फ इस सवाल के जवाब में कहा, इस देश के 140 करोड़ लोग ये महसूस करें कि एक-एक आदमी प्रधानमंत्री है. हमें लोगों को सशक्त बनाना है. किसी एक व्यक्ति को सशक्त नहीं बनाना है.