Israel Hamas War: इजरायल और फिलिस्तीन के आतंकवादी संगठन हमास के बीच बीते कुछ दिनों से युद्ध की स्थिति बनी हुई है. फ़िलहाल, दोनों तरफ से हमले जारी हैं. इस जंग की शुरुआत हमास के आतंकियों ने की थी, जिसके बाद इजरायल ने भी जबरदस्त पलटवार शुरू कर दिया.
हमास की तरफ से अचानक हुए हमलों के जवाब में इजराइल भी लगातार हवाई हमले और फ़ायरिंग कर रहा हैं. इजरायल की सेना ने पूरे गाजा को चारों तरफ से घेर रखा है. गाजा पर जबरदस्त हमला किया जा रहा है. जानकारी मिल रही है कि इजरायली सेना ने गाजा में एक इस्लामिक यूनिवर्सिटी पर बमबारी की है. इजरायली वायु सेना का दावा है कि विश्वविद्यालय हमास के इंजीनियरों के प्रशिक्षण का मुख्य आधार था.
यूनिवर्सिटी को लेकर इजराइल का बड़ा दावा-
इजरायली सेना ने दावा किया कि इस विश्वविद्यालय में हमास के इंजीनियरों को प्रशिक्षण दिया जा रहा था. सेना ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि हाल ही में एक फाइटर जेट ने यूनिवर्सिटी कैंपस पर हमला किया. इज़राइल का दावा है कि विश्वविद्यालय गाजा के लिए एक राजनीतिक और सैन्य इकाई के रूप में कार्य कर रहा था. यहां ट्रेनिंग लेने के बाद इंजीनियर हमास के लिए हथियार बना रहे थे.
इजरायली सेना ने शेयर किया वीडियो-
इजरायली सेना ने इस हमले का वीडियो अपने ट्विटर पर शेयर किया. जिसमें उन्होंने लिखा, हमास ने शिक्षा के केंद्र को विनाश के केंद्र में बदल दिया है. कुछ समय पहले हमारी सेना ने हमास के एक बड़े हिस्से को निशाना बनाया था. जो उनका राजनीतिक और सैन्य केंद्र था. हमास ने इस विश्वविद्यालय में एक प्रशिक्षण शिविर बनाया था और यहां हथियार बनाए जा रहे थे. यहां के लोगों को सैन्य खुफिया जानकारी दी जा रही थी.
इजरायल में लगभग 1100 लोगों की मौत-
बता दें कि इस जंग की शुरुआत हमास के आतंकियों ने की थी, जिसमें अब तक इजरायल के लगभग 1100 लोगों की मौत हो चुकी है. अब इजरायल और हमास आतंकियों के बीच भीषण जंग छिड़ी हुई है. अभी भी दोनों तरफ से लगातार हमले जारी हैं. जवाबी हमले में इजरायल ने हमास आतंकियों के कई ठिकानों को तबाह कर दिया. इस बीच गाजापट्टी से भी एक वीडियो सामने आया है, जिसमें शवों का अंबार देखा जा सकता है.