एक तरफ ऑस्ट्रेलिया में टी-20 वर्ल्ड कप का रोमांच अपने चरम पर है तो दूसरी ओर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अगले सीजन की तैयारियां भी रफ्तार पकड़ चुकी हैं। बीसीसीआई ने सभी फ्रेंचाइजियों को नीलामी से पहले रिटेन खिलाड़ियों की सूची 15 नवंबर तक सौंपने के लिए कहा है। नीलामी 16 दिसंबर को हो सकती है। उससे पहले कई टीमों के बीच ट्रेडिंग को लेकर बात शुरू हो चुकी है। नीलामी से पहले सबकी नजर चेन्नई सुपर किंग्स के स्टार खिलाड़ी रवींद्र जडेजा पर है।

कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया कि जडेजा अगले सीजन में चेन्नई के लिए नहीं खेलेंगे। वहीं, कुछ यह भी कह रहे हैं कि वह टीम के साथ बने रहेंगे। अब इस मामले पर चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ काशी विश्वनाथन का बड़ा बयान  सामने आया है। उन्होंने चेन्नई और जडेजा के बीच दूरी की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया।

सीएसके के सीईओ ने कहा कि जडेजा टीम के अहम सदस्य हैं और वह फ्रेंचाइजी के साथ रहेंगे। उन्होंने कहा, रवींद्र जडेजा को लेकर मीडिया में आ रही सारी खबरें झूठी हैं। जडेजा को पिछले सीजन में टीम का कप्तान बनाया गया था। आठ मैचों में टीम के खराब प्रदर्शन के कारण उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी को फिर से टीम की कमान सौंप दी गई। वह इस सीजन में भी कप्तानी करेंगे।

इस वाकये के बाद चेन्नई और जडेजा के बीच दरार की खबरें सामने आने लगीं। यह कहा जाने लगा कि जडेजा फ्रेंचाइजी के साथ नहीं रहना चाहते हैं। इस पर काशी विश्वनाथन ने कहा, जडेजा चेन्नई सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी के अहम सदस्य हैं। हम उन्हें किसी भी कीमत पर अपने से दूर नहीं करना चाहते। वह ट्रेडिंग का हिस्सा नहीं हैं। जडेजा को हम टीम में रखेंगे।