IPL के नए सीज़न से पहले बड़ी ख़बर सामने आ रही है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के दिग्गज ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा इस बार आईपीएल में नई फ्रेंचाइज़ी से खेलते हुए नज़र आ सकते हैं। जडेजा ने खुद इस बात के संकेत दिए हैं।
दरअसल रवींद्र जडेजा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से CSK से जुड़े बीते सीज़न के सारे पोस्ट डिलीट कर दिए हैं। इसके बाद यह क़यास लगाए जा रहे हैं कि CSK और रवींद्र जडेजा के बीच सब कुछ सामान्य नहीं है।
कहा यह भी जा रहा है कि महेंद्र सिंह धोनी और रवींद्र जडेजा के बीच भी अब पहले जैसे दोस्ती नहीं रही और तालमेल नहीं बचा है। इस बात को तब और बल मिल गया जब इस बार महेंद्र सिंह धोनी के जन्मदिन पर रवींद्र जडेजा ने उन्हें विश भी नहीं किया।
रवींद्र जडेजा को इस सीज़न में CSK ने कप्तान बनाया था लेकिन IPL के बीच में ही जडेजा से कप्तानी लेकर दोबारा महेंद्र सिंह धोनी को सौंप दी गई थी। यह बड़ी बात यह है कि IPL में CSK का प्रदर्शन भी बेहद साधारण रहा था।
हालाँकि CSK की ओर से ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है जिससे यह कहा जा सके कि रविंद्र जडेजा और फ्रेंचाइजी के बीच कहीं कुछ गड़बड़ है। हाल ही में रविंद्र जडेजा को वेस्टइंडीज़ दौरे के लिए कप्तान बनाए जाने पर CSK फ्रेंचाइज़ी ने बधाई भी दी थी।