तेलंगाना के बाद अब पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश में कांग्रेस की उम्मीदों को बड़ा बूस्ट मिला है। मुख्यमंत्री वाईएस. जगन मोहन रेड्डी की बहन वाईएस शर्मिला गुरुवार को कांग्रेस में शामिल हो गईं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सांसद राहुल गांधी की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली।
कांग्रेस में शामिल होते ही शर्मिला ने अपनी पार्टी वाईएसआर तेलंगाना का कांग्रेस में विलय का भी ऐलान कर दिया। शर्मिला के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी को आंध्र प्रदेश में मजबूती मिलेगी। तेलंगाना में मिली सफलता के बाद कांग्रेस इस बार आंध्र प्रदेश में पूरी ताकत झोंक रही है।
कांग्रेस में शामिल होने के बाद शर्मिला ने कहा कि मेरे पिता का सपना था कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनें, मुझे खुशी है कि मैं इसके लिए काम करूंगी। शर्मिला ने कहा कि उन्हें ईसाई के तौर पर मणिपुर हिंसा के कारण बहुत दुख हुआ। अगर सेक्युलर पार्टी सत्ता में नहीं होगी तो यही होगा।
बताया जा रहा है कि शर्मिला को लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में महत्वपूर्ण पद दिए जाने की संभावना है। आंध्र प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भी शर्मिला को बड़ी भूमिका सौपी जा सकती है। शर्मिला ने तेलंगाना चुनाव में भी कांग्रेस को समर्थन दिया था।