बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एनडीए से उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। जिसमें पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ का नाम उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में घोषित किया गया है।

जेपी नड्डा ने कहा कि जगदीप धनखड़ भारत के नए उपराष्ट्रपति पद के लिए एनडीए की तरफ़ से उम्मीदवार होंगे। जगदीप धनखड़ वर्तमान में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल हैं। वर्तमान उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है। नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख 19 जुलाई है। जबकि मतदान छह अगस्त को होना है।

बीजेपी ने राष्ट्रपति पद के लिए आदिवासी नेता द्रौपदी मुर्मू को अपना उम्मीदवार बनाया है। अगर मुर्मू चुनाव जीत जाती हैं तो वह देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी। एनडीए ने 2017 में तत्कालीन केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू को उपराष्ट्रपति पद के लिए अपना उम्मीदवार बनाया था। बीजेपी इस बार भी अपने उम्मीदवार की जीत तय करने की मजबूत स्थिति में है।

यह भी पढ़े: 

 

आज भाजपा मुख्यालय में "संसदीय बोर्ड" की बैठक हुई। जिसमें पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मौजूद थे। संसद, लोकसभा और राज्यसभा के दोनों सदनों के सांसद देश के उपराष्ट्रपति के चुनाव में शामिल होते हैं। वर्तमान में संसद सदस्यों की संख्या 780 है। जिनमें बीजेपी के 394 सांसद हैं। बीजेपी को जीत के लिए 390 से ज्यादा वोट चाहिए।