भोपाल: राजधानी भोपाल की बेटी जागृति अग्रवाल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्हें इंदौर में आयोजित वर्ल्ड कान्क्लेव 2025 के दौरान वर्ल्ड वुमन 2025 आइकान अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान जागृति को एक्सीलेंस इन इंडियन पेजेंट्री श्रेणी के अंतर्गत भारतीय सौंदर्य प्रतियोगिता के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान के लिए प्रदान किया गया है।
हाल ही में मिसेज इंटरनेशनल क्वीन ऑफ इंडिया 2025 का ताज अपने नाम कर चुकीं जागृति अग्रवाल ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। वर्ल्ड कान्क्लेव 2025 में उन्हें उनके आत्मविश्वास, कर्तव्यनिष्ठा और भारतीय महिलाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करने की दिशा में किए गए महत्वपूर्ण प्रयासों के लिए विशेष रूप से सराहा गया।
जागृति अग्रवाल ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए अत्यंत गर्व और एक बड़ी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने आगे कहा कि वह भविष्य में भी महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए प्रेरणादायक कार्य करती रहेंगी।
इस गरिमामय कार्यक्रम में देश और विदेश की अनेक विख्यात हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिससे इस सम्मान समारोह की महत्ता और भी बढ़ गई। जागृति अग्रवाल की इस उपलब्धि से भोपाल शहर गौरवान्वित महसूस कर रहा है।