सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड की साजिश में शामिल जगतार सिंह को अमृतसर एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है। वह स्पाइस जेट की फ्लाइट से दुबई भागने की कोशिश कर रहा था। तभी सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोका और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।

जगतार सिंह सिद्धू मूसेवाला के गांव मूसा पिंड का रहने वाला हैं और उसका घर मूसेवाला के घर के पास ही है। सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें जगतार सिंह और उसके भाई अवतार सिंह पर उनके बेटे को ट्रैक करने का आरोप लगा था। उसके बाद पुलिस ने इस मामले में दोनों भाइयों को आरोपी घोषित किया था।

जगतार सिंह के खिलाफ धारा 120बी के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसका मतलब है कि उन पर आपराधिक साजिश का आरोप लगाया गया है। लंबे समय से दोनों भाई फरार थे, लेकिन अब एक भाई पुलिस की गिरफ़्त में हैं। जगतार को अमृतसर पुलिस ने पकड़कर अब मानसा पुलिस को सौंप दिया है।

जबकि उसका भाई अवतार अभी भी फरार है। मानसा पुलिस अब जगतार सिंह को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी। जगतार सिंह और अवतार सिंह का घर सिद्धू मूसेवाला के घर के ठीक सामने है। मूसेवाला के पिता ने इन दोनों भाइयों के खिलाफ डीजीपी से शिकायत की थी। उन्होंने अपने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों से सिद्धू मूसेवाला को ट्रैक किया और हत्यारों को सूचना दी।

डीजीपी को दी गई शिकायत में कहा गया है कि दोनों भाई गांव में रहकर मूसेवाला पर लगातार नजर रखते थे। वह कब घर आता है और कब बाहर जाता है? इससे पहले बलकौर सिंह ने जगतार पर मूसेवाला के गाने लीक करने का भी आरोप लगाया था और दोनों परिवारों के बीच संबंध अच्छे नहीं थे।

मूसेवाला की हत्या के बाद दोनों भाई फरार हो गए। अब जगतार सिंह से पूछताछ में उसके भाई के बारे में भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस को अंदेशा है कि वह विदेश नहीं भागा होगा। मूसेवाला के परिवार वालों ने यह भी आरोप लगाया कि अगर दोनों भाई सच्चे हैं तो पुलिस से क्यों भाग रहे हैं?