G20 Summit 2023: देश की राजधानी नई दिल्ली में आज यानी रविवार 10 सितंबर को G20 शिखर सम्मेलन का दूसरा और आखिरी दिन है. दुनियाभर से आए दिग्गजों की सुरक्षा में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी तैनात हैं. हालांकि, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद भी सुरक्षा में चूक की खबर सामने आई हैं.

यह जानकारी उस समय सामने आई जब अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन के काफिले की एक गाड़ी का ड्राइवर अपने प्राइवेट पैसेंजर को लेने के लिए निकल गया. लेकिन, समय रहते सुरक्षा में तैनात जवानों ने उसे पकड़ लिया.

ख़बरों के मुताबिक, जो बाइडेन के काफिले की कुछ गाड़ियां अमेरिका से आईं हैं. वहीं, कुछ गाड़ियों का इंतजाम भारत में किया गया. इसी में एक अर्टिगा गाड़ी भी थी, जिसे काफिले में शामिल किया गया था. इस पर सुरक्षा से जुड़े तमाम स्टीकर लगे हुए थे. 

इसके बावजूद भी इस गाड़ी का ड्राइवर राष्ट्रपति बाइडेन के काफिले के लिए हायर की गई गाड़ी में प्राइवेट पैसेंजर को लेकर होटल ताज मान सिंह पहुंच गया. दरअसल, अपने रेगुलर कस्टमर के फोन आने पर ड्राइवर ने उसे लोधी एस्टेट से पिक करके होटल ताज मान सिंह ले गया. जहां तैनात सुरक्षाबलों ने उसे पकड़ लिया.

इसके बाद पुलिस ने ड्राइवर और पैसेंजर को हिरासत में ले लिया और पूछताछ के बाद छोड़ दिया. फिलहाल, काफिले से इस गाड़ी को हटा दिया गया है. बता दें कि शहर के अलग-अलग हिस्सों में CCTV कैमरों के अलावा 50,000 से अधिक सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है.