नेशनल हेराल्ड मामले में तीसरे दौर की पूछताछ के लिए कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी अपनी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ प्रवर्तन निदेशालय (ED) दफ्तर पहुंचीं। आज ईडी फिर से सोनिया गांधी से पूछताछ कर रही है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। जिसे सत्याग्रह नाम दिया गया।

संसद भवन परिसर में विरोध प्रदर्शन-

सोनिया गांधी से ED की पूछताछ के खिलाफ विपक्ष एकजुट दिखा और संसद भवन परिसर में हंगामा किया। इस बीच कांग्रेस समेत अन्य दलों ने सांसदों के निलंबन के फैसले को वापस लेने के लिए जमकर नारेबाजी की। जानकारी के अनुसार, इस विरोध प्रदर्शन के कारण कई सांसद आज भी निलंबित हुए।

गांधी परिवार को बचाने का प्रयास- जेपी नड्डा

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस का विरोध 'सत्याग्रह' नहीं, बल्कि सच्चाई को छिपाने की कोशिश है। ये सभी गांधी परिवार को बचाने के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्हें जांच एजेंसियों को जवाब देना चाहिए लेकिन उनका मानना ​​है कि वे कानून से ऊपर हैं।

भ्रष्टाचार नहीं, तो फ़िर डर क्यों? अनुराग ठाकुर

ईडी द्वारा सोनिया गांधी से पूछताछ पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि अगर उन्होंने कोई भ्रष्टाचार नहीं किया है तो फ़िर डर क्यों है? कांग्रेस शासित राज्यों में बलात्कार, हत्याएं हो रही हैं लेकिन उनके मुख्यमंत्री अपने-अपने राज्यों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के बजाय दिल्ली में गांधी परिवार का बचाव कर रहें हैं।