भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा इस समय हिमाचल प्रदेश के दौरे पर है ओर वह वहां इलेक्शन मोड में नज़र आ रहें है। जे.पी नड्डा के इस दौरे के साथ ही हिमाचल में चुनावी तैयारियां शुरू हो गई है। नड्डा ने विधानसभा चुनाव से पहले शिमला में एक रोड शो भी किया, जिसमें एक जनसैलाब नज़र आया।

रोड शो के बाद एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए नड्डा बोले, आज मैं हिमाचल आया हूं। ये वीरभूमि है, वीरों की भूमि, देवभूमि है। ऐसी वीर और देवताओं की भूमि को मैं नमन करता हूं। हाल ही के चुनावों में भाजपा को प्रचंड जीत मिली है। 4 राज्यों में हम फिर से स्थापित हुए हैं। मोदी सरकार की नीतियों ने, कार्यक्रमों ने, गरीबों की, दलितों-वंचितों की चिंता की और उन्हें मुख्यधारा में शामिल किया। 

देखिये लाइव: 

 

कांग्रेस पार्टी पर चुनावी वार : 

कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए नड्डा बोले, इस चुनाव में बहुत सी चीजें पहली बार हुई है। उत्तर प्रदेश में 38 साल बाद कोई सरकार लगातार दूसरी बार सत्ता में आई है। उत्तर प्रदेश में प्रथम बार किसी मुख्यमंत्री ने 5 साल पूरे करके लगातार दोबारा शपथ ली है। उत्तर प्रदेश के 23 जिलों में क्लीन स्वीप भाजपा ने किया है। लेकिन उसी चुनाव में इंडियन नेशनल कांग्रेस उत्तर प्रदेश में 399 सीटों पर चुनाव लड़ी, जिनमें से 387 सीटों पर उनकी जमानत जब्त हुई। इतिहास में ये भी वहां पहली बार ही हुआ है। 

आम आदमी पार्टी पर चुनावी वार :

आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए नड्डा बोले, देश में एक नई पार्टी भी आई है। जिसने यूपी में 377 सीटों पर चुनाव लड़ा और सभी सीटों पर उनकी जमानत जब्त हो गई। उत्तराखंड राज्य जब से बना है तब से पहली बार कोई सरकार वहां दोबारा से चुनी गई है। यहां हमारी 47 सीटें आई हैं। लेकिन वहां पर भी आम आदमी पार्टी की 68 सीटों पर जमानत जब्त हो गई। 

हिमाचल और गुजरात की बारी : election2022

हिमाचल और गुजरात विधानसभा चुनाव पर नड्डा बोले, उत्तर प्रदेश में, उत्तराखंड में, मणिपुर में, गोवा में फिर से सरकार हमारी है। लेकिन अब हिमाचल और गुजरात की बारी है। हमें अब उस ओर बढ़ना है। उस ओर जाने के लिए हमें अभी से तैयारी शुरू करनी है। पिछले 5 साल में हिमाचल प्रदेश कृषि क्षेत्र के वैल्यू एडिशन के हब के रूप में खड़ा है। करीब 9 फूड पार्क मल्टी नेशनल कंपनियों के यहां स्थापित हुए हैं। हिमाचल आज फार्मा का हब बना है। करीब 12 कंपनियां ऐसी हैं, जिनके उत्पाद दुनिया में जा रहा है, और उनकी मैन्युफेक्चरिंग यूनिट यहां है।

कांग्रेस ने छीना हिमाचल का हक :

कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलते हुए नड्डा बोले, यहां लंबे समय तक कांग्रेस ने राज किया, उसके बाद किसी को मौका मिला तो वो भाजपा को मिला। मैं एक बात डंके की चोट पर कह सकता हूं कि जब-जब कांग्रेस आई है उसने हिमाचल का हक छीना है। लेकिन जब-जब भाजपा आई है तो उसने हिमाचल को उसका हक दिया है। हिमाचल को स्पेशल कैटेगरी हिल स्टेट में लाने का काम नरेन्द्र मोदी सरकार ने किया और केंद्र द्वारा प्रायोजित योजनाओं में 90:10 का ratio तय किया गया। 90 केंद्र सरकार देगी और 10 जयराम ठाकुर देंगे ये तय किया गया।

भाजपा ने किया सिर्फ़ विकास :

हिमाचल प्रदेश में विकास कार्यो का जिक्र करते हुए नड्डा बोले, प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत जयराम सरकार ने 5 साल में हिमाचल में 6,384 किमी पक्की सड़कें बनाई हैं। आज आईआईएम जैसा संस्थान हिमाचल को मिले है। करीब 70 लाख की जनसंख्या पर हिमाचल को एम्स दिया गया है। 

आज नाहन में मेडिकल कॉलेज खोला गया है, जिस पर 355 करोड़ रुपये खर्च हुए। हमीरपुर में भी 355 करोड़ की लागत से मेडिकल कॉलेज खोला गया, इसी तरह चंबा में मेडिकल कॉलेज खोला गया, जिसपर 319 करोड़ रुपये खर्च हुए। ऐसे और भी कई काम नरेंद्र मोदी सरकार ने किए हैं, लेकिन जनता के विकास के काम हिमाचल में आगे भी जारी रहेंगे।

परिवारवाद पर नड्डा का वार :

परिवारवाद के मुद्दे पर नड्डा बोले, प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की राजनीति की संस्कृति बदली है। हम अपना रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखते हैं। जो कहा था, वो किया है। जो कहेंगे, वो करेंगे। ये ताकत सिर्फ भाजपा में है। बाकी पार्टियों में भाई-भतीजावाद, क्षेत्रवाद पर लोगों को लड़ाने की ताकत है। आपको जानकर खुशी होगी कि 26 फरवरी से लेकर 30 मार्च तक 23 हजार बच्चों को यूक्रेन से सकुशल लाने का काम मोदी सरकार ने किया और हिमाचल प्रदेश के भी 436 बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाया गया है। इसीलिए एक बार फिर हिमाचल को एक मजबूत और भरोसेमंद  सरकार देने का काम यहां की जनता करने वाली है।