MP Election 2023: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियां काफी जोरों पर हैं. चुनाव की उलटी गिनती शुरू होते ही सभी राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी सक्रियता बड़ा दी हैं. बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व लगातार प्रदेश का दौरा कर रहा हैं. करीब 5 दिन में दूसरी बार बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं.
मिशन 2023 की तैयारियों को तेज़ करते हुए जेपी नड्डा ने आज निमाड़ के खरगोन में पहला चुनावी रोड शो किया. फिर खरगोन में ही एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. इससे पहले जेपी नड्डा 26 जून को प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने भोपाल आए थे.
मालवा-निमाड़ फ़तह के लिए बीजेपी ने तेज़ की तैयारी-
अब तक सामने आये सर्वे के हिसाब से बीजेपी के लिए इस चुनाव में निमाड़, मालवा, महाकौशल और विंध्य में मुकाबला काफी टक्करों भरा रहने वाला हैं. यहीं वजह है कि बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व ने भी चुनाव फ़तह के लिए मैदान संभाल लिया हैं. ताज़ा जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी भी 1 जुलाई को मध्यप्रदेश के शहडोल दौरे पर आ रहें हैं.
क्या है मालवा-निमाड़ का सियासी समीकरण-
बता दें कि मालवा-निमाड़ में विधानसभा की 66 सीटें आती हैं. इस बार यहां बीजेपी की बढ़ती सक्रियता के पीछे का कारण यह माना जा रहा हैं कि 2018 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की हार की सबसे बड़ी वजह मालवा-निमाड़ ही रहा था.
पिछले 2018 विधानसभा चुनाव के आकड़ों की बात करें तो यहां की 66 सीटों में से सबसे ज्यादा 35 सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी. वहीं, बीजेपी के खाते में केवल 28 सीटें गई थी. जिससे कांग्रेस को बड़ी बढ़त मिली थी. यहीं वजह है कि बीजेपी डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों के ज़रिये मालवा-निमाड़ पर काफी ज़ोर दे रही है.