मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भले ही अभी 8 महीने बाकी हो, पर बीजेपी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने दस्तक देनी शुरू कर दी है. कल कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चुनावी हुंकार भरी तो वहीं आज बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भोपाल दौरे पर हैं.
इस दौरान उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन हॉल में आयोजित 'प्रबुद्धजन समागम' कार्यक्रम में पहुंचकर मोदी सरकार की योजनाओं से लेकर शब्दों के ज़रिये विपक्ष पर जमकर हमला बोला. जेपी नड्डा ने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि राजाभोज की नगरी भोपाल में समाज का नेतृत्व करने वाले प्रबुद्धजनों से संवाद करने का मौका मिला है.
उन्होंने आगे कहा, परिवारवाद, भाई-भतिजावाद को समाप्त कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने राजनीति के कल्चर को बदलकर विकासवाद को आगे बढ़ाया है. प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के संकल्प के साथ काम कर रही है.
जेपी नड्डा बोले, मोदी जी के नेतृत्व में आज भारत विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर है. आज दुनिया के शक्तिशाली देशों के राष्ट्र अध्यक्ष प्रधानमंत्री मोदी जी की प्रशंसा कर रहे हैं. आज जब भारत बोलता है तो दुनिया सुनती है और फॉलो करती है लेकिन हमारे देश में कुछ लोग हैं जो हर बात पर प्रमाण मांगते हैं.
उन्होंने बताया कि कोरोना और रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद दुनिया की अर्थव्यवस्था में गिरावट आई, लेकिन 6.8 प्रतिशत विकास दर के साथ भारत, ब्रिटेन को पीछे छोड़कर दुनिया की 5वीं सबसे बढ़ी अर्थव्यवस्था बना है. भारत आज मजबूत अर्थव्यवस्था के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है.
विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए जेपी नड्डा ने कहा, पहले राजनैतिक पार्टियों का कल्चर था वादे करना भूल जाना, धर्म और जाति को लड़ा देना. भाजपा ने विकास के साथ भारत को आगे बढ़ाने का काम किया. भाजपा ने सबको साथ लेकर चलने का कल्चर डेवलप किया, नतीजा है कि दुनिया आज भारत का लोहा मानती है.
उन्होंने आगे कहा कि आज का भारत लेने वाला नहीं, देने वाला भारत है. एक समय हम मोबाइल फोन विदेशों से लेते थे, लेकिन आज 97 प्रतिशत मोबाइल भारत में बन रहे हैं. आज दुनिया का तीसरा सबसे बढ़ा ऑटोमोबाइल मार्केट भारत बन गया है. भारत की अतिगरीबी दर 1 % से नीचे आ गई है.
जेपी नड्डा बोले, प्रधानमंत्री मोदी जी ने रेलवे का कायाकल्प किया है. अमृतकाल के बजट में रेलवे के लिए 2 लाख 40 हजार करोड़ के बजट का प्रावधान किया गया है. मध्यप्रदेश में भी रेलवे के 33 अलग अलग प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है. सीएम शिवराज के नेतृत्व में मध्यप्रदेश कई क्षेत्रों में देश में नंबर 1 है.
शिवराज सरकार की नई योजना पर उन्होंने कहा, लाड़ली बहना योजना के माध्यम से प्रदेश भाजपा सरकार बहनों को 1 हजार रुपये प्रति माह देने जा रही है, इस अभिनव निर्णय के लिए मध्यप्रदेश सरकार को बधाई देता हूँ. वर्ष 1986 में दूसरी शिक्षा नीति आई, जब हम युवा होते थे तब आई थी और उसके बाद वर्ष 2019 में नई शिक्षा नीति आई है. ये नई शिक्षा नीति बहुत से सुझाव लेने के बाद बनाई गई है. ये शिक्षा नीति सबका समावेश करके चलने वाली है.
जेपी नड्डा ने बताया कि विकास को लेकर हमारा फोकस Pro People, Pro Poor, Pro industry रहा है. इंडस्ट्री भी आनी चाहिए, इंफ्रास्ट्रक्चर भी खड़ा होना चाहिए, Pro People पॉलिसी भी आनी चाहिए और उसे किस तरह से आगे बड़ा सकते हैं ये कोशिश भी होनी चाहिए.