भारत के वर्तमान CJI ललित 8 नवंबर को सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। उनके रिटायरमेंट के बाद जस्टिस चंद्रचूड़ 9 नवंबर को नए CJI के रूप में शपथ लेंगे। CJI ललित ने मंगलवार सुबहसुप्रीम कोर्ट के जजों की मौजूदगी में व्यक्तिगत रूप से जस्टिस चंद्रचूड़ को अपने पत्र की एक कॉपी सौंपी।

जस्टिस चंद्रचूड़ के पिता यशवंत विष्णु चंद्रचूड़ देश के 16वें CJI थे। उनका कार्यकाल 22 फरवरी 1978 से 11 जुलाई 1985 तक यानी करीब 7 साल तक रहा। अपने पिता की सेवानिवृत्ति के 37 वर्ष बाद वे भी उसी पद पर आसीन होंगे। जस्टिस चंद्रचूड़ ने सुप्रीम कोर्ट में अपने पिता के दो बड़े फैसलों को भी पलट दिया है। वे अपने बेबाक फैसलों के लिए जाने जाते हैं। जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ का कार्यकाल 9 नवंबर, 2022 से 10 नवंबर, 2024 तक 2 साल के लिए होगा।

कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने 7 अक्टूबर को CJI ललित को पत्र लिखकर अपने उत्तराधिकारी का नाम बताने का अनुरोध किया था। एक परंपरा के अनुसार मौजूदा सीजेआई अपने उत्तराधिकारी के नाम की सिफारिश तभी करते हैं जब उनसे कानून मंत्रालय द्वारा ऐसा करने का अनुरोध किया जाता है।

जस्टिस चंद्रचूड़ के कुछ बड़े फैसलों में नोएडा के ट्विन टावर को गिराने का फैसला, केरल के बहुचर्चित लव जिहाद हादिया केस में हादिया की शादी को रद्द करने के केरल उच्च न्यायालय के आदेश को खारिज करने का फैसला, निजता को मौलिक अधिकार के रूप में मान्यता दिलाना और हाल ही में ने विवाहित या अविवाहित सभी महिलाओं को गर्भपात का अधिकार दिए जाने का फैसला शामिल है।