भोपाल. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया फिर चर्चा में हैं. ग्वालियर नगरनिगम चुनाव में बीजेपी की हार पर पार्टी के साथ ही कांग्रेसी भी उनपर तंज कस रहे हैं. अभी इन कमेंट पर सिंधिया का कोई बयान सामने नहीं आया है. आइए आज बात करते हैं उनकी जीवन के अनछुए पहलुओं की.
ग्वालियर के सिंधिया राजघराने के चश्मोचिराग ज्योतिरादित्य का निजी जीवन राजा—महाराजाओं जैसा ही शानोशौकत से भरा रहा है। ज्योतिरादित्य का जन्म 1 जनवरी 1971 को मुंबई में हुआ था। उन्होंने सन 1993 में हावर्ड यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र की डिग्री ली। स्टैनफोर्ड ग्रेजुएट स्कूल ऑफ बिजनेस से एमबीए भी किया। ज्योतिरादित्य की शादी बड़ौदा के गायकवाड़ राजघराने की प्रियदर्शिनी से हुई। उनका एक बेटा महा आर्यमान और एक बेटी अनन्याराजे हैं।
ज्योतिरादित्य सिंधिया की पत्नी प्रियदर्शिनी की सुंदरता के अनेक किस्से कहे—सुने जाते हैं। बताते हैं कि ज्योतिरादित्य ने जब प्रियदर्शिनी को पहली बार देखा तभी वे उनकी खूबसूरती पर फ़िदा हो गए थे। सन 1991 में पहली नजर का यह प्यार जल्द ही वैवाहिक संबंध में भी बदल गया। 12 दिसंबर 1994 को प्रियदर्शिनी और ज्योतिरादित्य सिंधिया की शादी हो गई।
प्रियदर्शिनी की मां आशाराजे गायकवाड़ नेपाल के राजपरिवार की थीं जबकि ज्योतिरादित्य की मां माधवीराजे सिंधिया का संबंध भी नेपाल के ही शाही खानदान से है। शादी से पहले प्रियदर्शिनी और ज्योतिरादित्य सिंधिया की कोई खास बातें—मुलाकातें नहीं हुई थीं। एक फैमिली फंक्शन में मिलीं प्रियदर्शिनी की सुंदरता ज्योतिरादित्य को भा गई थी लेकिन इससे पहले उनकी मां माधवीराज सिंधिया की मुलाकात प्रियदर्शिनी से हो चुकी थी। उस समय महज 13 साल की प्रियदर्शिनी को देख माधवीराजे बोल पड़ी थीं— यह लड़की कितनी सुंदर है। बताते हैं कि उन्होंने तभी प्रियदर्शिनी को बहू बनाने का निर्णय ले लिया था।