भोपाल: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ अपने ही बयानों में उलझ गए हैं. उनके बयान को विधानसभा अध्यक्ष ने गंभीरता से लिया है. बीजेपी विधायकों ने कमलनाथ के खिलाफ विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम को शिकायत कर सदस्यता समाप्त करने की मांग की है.  

सत्तारूढ़ दल के विधायकों की शिकायत स्वीकार करने के बाद विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम का कहना है कि उन्हें कमलनाथ के खिलाफ भाजपा की ओर से दो शिकायतें मिली हैं जिन्हें संज्ञान में ले लिया गया है. शिकायतों की जांच के बाद जल्द ही फैसला लिया जाएगा. दरअसल मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने एक साक्षात्कार में कहा था कि वह विधानसभा में सदन की कार्यवाही में भाजपा की बकवास सुनने नहीं जाते हैं क्योंकि उन्हें 200 लोगों से रोजाना मिलना होता है.

कमलनाथ की इस टिप्पणी पर भाजपा ने हमले करते हुए उनके बर्ताव को विधानसभा की अवमानना बताया है और विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम को शिकायत दी है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद वीडी शर्मा के अलावा भाजपा विधायक यशपाल सिंह सिसौदिया ने विधानसभा अध्यक्ष से मांग की है कि कमलनाथ की विधानसभा सदस्यता को तत्काल समाप्त किया जाए.

गौतम ने यह कहा-

विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने कहा है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक की शिकायतों पर संज्ञान ले लिया गया है. शिकायतों की जांच की जा रही है. कमलनाथ के बयान के वीडियो और अन्य साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है. विधानसभा के बाहर का बयान होने की परिस्थितियों में क्या कार्रवाई हो सकती है, इसका भी परीक्षण कराया जा रहा है.