न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को भारत के खिलाफ सीरीज के तीसरे और आखिरी टी20 मैच से पहले तगड़ा झटका लगा है. टीम के नियमित कप्तान केन विलियम्सन नेपियर में खेले जाने वाले अहम मुकाबले से पहले बाहर हो गए हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा टी20 मैच मंगलवार (22 नवंबर) को नेपियर के मैक्लीन पार्क में खेला जाएगा। मेजबान कीवी टीम सीरीज में 0-1 से पिछड़ रही है। ऐसे में इस मुकाबले से ऐन वक्त पहले कप्तान का बाहर होना उसके लिए बड़ा झटका है।

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने सोशल मीडिया के अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर इसकी जानकारी दी। केन विलियम्सन पहले से तय मेडिकल अपॉइंटमेंट की वजह से नेपियर टी20 में नहीं खेल पाएंगे। उनकी जगह बल्लेबाज मार्क चैपमैन न्यूजीलैंड के स्क्वॉड में जुड़ेंगे। इस मुकाबले में टिम साउदी कप्तानी करेंगे।

विलियम्सन बुधवार को वनडे स्क्वॉड से जुड़ेंगे

अनुभवी तेज गेंदबाज टिम साउदी ने माउंट मॉन्गानुई में खेले गए दूसरे टी20 में हैट्रिक ली थी। केन विलियम्सन बुधवार को वनडे स्क्वॉड से जुड़ेंगे। भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज के बाद 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। सीरीज का पहला वनडे मैच शुक्रवार (25 नवंबर) को ईडन पार्क में खेला जाएगा। सीरीज का पहला टी20 बारिश की भेंट चढ़ गया था जबकि दूसरे टी20 मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को 65 रन से मात दी थी। तीसरा टी20 जीतकर टीम इंडिया सीरीज अपने नाम करना चाहेगी।