हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने कहर बरपा रखा है। पंजाब-हिमाचल को जोड़ने वाला रेलवे का चक्की पुल भारी बारिश के कारण टूट गया है। कांगड़ा में भारी बारिश ने नदी के ऐतिहासिक पुल को ताश के पत्तों की तरह बिखेर दिया है। बारिश के कारण कुछ जगहों पर भूस्खलन हुआ, जिससे सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ है।

भूस्खलन ने मलबे के कारण कई घरों को क्षतिग्रस्त भी कर दिया है। धर्मशाला-कांगड़ा NH पर सकोह में मलबा गिरने से सड़क तीन घंटे तक बंद रही। जिला मंडी में नौहाली रोड पर पहाड़ का मलबा गिरने से यातायात भी प्रभावित हुआ है।

हिमाचल प्रदेश के चंबा भरमौर पठानकोट नेशनल हाईवे पर भारी बारिश के कारण एक बस खाई में गिरने से बाल-बाल बची। चंबा के डलहौजी से पटियाला जा रही एक बस को आज यानी शनिवार की सुबह सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से खाई में गिरने से बचा लिया गया।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। आईएमडी ने कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन, सिरमौर, ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। भारी बारिश से भूस्खलन की घटनाएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में स्थानीय प्रशासन की ओर से लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। स्थानीय लोगों और पर्यटकों को नदियों और नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

लगातार बारिश से मंडी में स्कूलों की छुट्टी-

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में लगातार बारिश के कारण शनिवार, 20 अगस्त को स्कूल बंद रहेंगे। जिला उपायुक्त सह जिला मजिस्ट्रेट अरिंदम चौधरी ने शुक्रवार शाम को आदेश जारी कर कहा कि मंडी में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश और अगले 24 घंटों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए सभी कॉलेज और स्कूल बंद रहेंगे।