कानपुर हिंसा मामले में पुलिस अब तक 54 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने मामले में एक स्थानीय भाजपा नेता को भी गिरफ्तार किया है। शहर में आरोपियों के ठिकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी शुरू हों चुकीं है। जानकारी के अनुसार, कानपुर में न्यू रोड और उसके आसपास अवैध रूप से निर्मित इमारतों पर बुलडोजर चलाये जायेंगे।

मिली जानकारी के अनुसार, 100 से अधिक भवनों की सूची पुलिस आयुक्त केडीए वीसी को भेजी गई है। इन इमारतों के नक्शे वैध हैं या अवैध हैं, इसकी भी जानकारी मांगी गई है। जिला प्रशासन ने भी जांच कर जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने को कहा है। सूची का सत्यापन करने के बाद प्रशासन व पुलिस अवैध भवनों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करेगी।

मामले में अब तक 54 आरोपी गिरफ़्तार-

हिंसा मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, इसमें शामिल बदमाशों के चेहरे सामने आ रहे हैं। कानपुर पुलिस ने अब तक 54 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कानपुर हिंसा के सिलसिले में एक स्थानीय भाजपा नेता समेत 12 अन्य को भी गिरफ्तार किया है। भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला सचिव हर्षित श्रीवास्तव को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

कानपुर पुलिस ने पीएफआई के पांच सदस्यों की भी पहचान की है, जिनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। कानपुर के पुलिस आयुक्त विजय सिंह मीणा ने कहा कि कानपुर हिंसा में गिरफ्तार आरोपियों से संबंध के आधार पर पीएफआई के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही पुलिस कई अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ भी कर रही है।