कॉमेडियन कपिल शर्मा आये दिन किसी न किसी विवाद में घिरते ही रहते हैं। एक बार फिर उन्हें एक ट्वीट के कारण ट्रोल किया जा रहा है, जिसे लेकर उन्होंने खुद सफाई दी है। पंजाब को हाल ही में भगवंत मान के रूप में नया मुख्यमंत्री मिला है और कपिल भी पंजाब से ही हैं। कपिल शर्मा ने नए मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए ट्वीट किया, जिसके बाद वह ट्रोल हो गए।

अपने ही ट्वीट से ट्रोल हो गए कपिल शर्मा :

कपिल ने ट्विटर पर पंजाब के नए मुख्यमंत्री भगवंत मान की तारीफ करते हुए ट्विट किया। उन्होंने लिखा कि पाजी आप पर गर्व है। भगवंत मान एक कॉमेडियन और अभिनेता भी रह चुके हैं। इस ट्वीट के जवाब में एक शख्स ने उन्हें ट्रोल कर दिया।उस व्यक्ति ने कहा कि कपिल राज्यसभा में जाने के लिए भगवंत मान को मक्खन लगा रहें है। इस पर कपिल शर्मा ने उस ट्वीट को रीट्वीट कर जवाब दिया।

कपिल ने दिया जवाब :
 
इस ट्वीट पर कपिल शर्मा ने जवाब देते हुए लिखा, बिलकुल नहीं मित्तल साहब, बस इतना सा ख़्वाब है कि देश तरक़्क़ी करे बाक़ी आप कहो तो आपकी नौकरी की लिए कहीं बात करूँ ?

जानकारी के अनुसार, कपिल और भगवंत मान दोनों में काफी समानता है। दोनों पंजाब से ही आते हैं। भगवंत मान राजनीति में आने से पहले एक कॉमेडियन भी रह चुके हैं। दोनों 'ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज' के अलग-अलग सीजन में नजर आए थे।

कपिल शर्मा पहले भी विवादों में रह चुके हैं :

हाल के दिनों में फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' से जुड़े विवादों में भी कपिल शर्मा का नाम सामने आया है। विवेक अग्निहोत्री के एक ट्वीट के बाद लोग कपिल शर्मा शो का बहिष्कार कर रहे हैं। लेकिन तब अनुपम खेर ने विवाद पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि कपिल का शो एक कॉमेडी शो है और फिल्म एक गंभीर विषय पर है। इसलिए हमने इस फिल्म के प्रमोशन के लिए 'द कपिल शर्मा शो' में जाना जरूरी नहीं समझा।