कर्नाटक के मेंगलुरु में एक ऑटो रिक्शा में हुए धमाके की घटना को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। यह पता चला है कि घटना आकस्मिक नहीं थी। यह कोई साधारण विस्फोट नहीं था, बल्कि एक आतंकवादी घटना थी। कर्नाटक के डीजीपी ने कहा कि यह पुष्टि की गई है कि घटना कोई आकस्मिक नहीं, बल्कि गंभीर नुकसान पहुंचाने के इरादे से आतंकवादी प्रक्रिया का हिस्सा थी। उन्होंने आगे कहा कि राज्य पुलिस केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय कर गहन जांच कर रही है।
शनिवार को हुई थी घटना-
घटना शनिवार शाम 5.15 बजे की है जब कर्नाटक के प्रमुख शहरों में से एक मेंगलुरु में ऑटो रिक्शा में विस्फोट हो गया और उसमें आग लग गई। घटना में चालक व एक यात्री घायल भी हुआ था। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया, जिसमें विस्फोट होता दिखाई दिया। विस्फोट के बाद ऑटोरिक्शा से धुएं के गुबार उठते देखे गए। पहले मामले में चालक ने पुलिस को बताया कि अचानक आग लग गई थी।
कर्नाटक के डीजीपी ने दी जानकारी-
घटना के बाद फॉरेंसिक टीम भी मौके पर सैंपल लेने पहुंची। जिसके बाद कर्नाटक के डीजीपी एन शशि कुमार ने ट्वीट किया कि यह कोई दुर्घटना नहीं बल्कि एक आतंकवादी घटना थी, जिसे इलाके में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए किया गया था। घटना की गहनता से जांच की जा रही है।
पहले भी एक घटना सामने आई थी-
गौरतलब है कि इससे पहले 2020 में मंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर तब कौतूहल पैदा हुआ था जब बम निरोधक दस्ते ने यहां से एक विस्फोटक उपकरण जब्त किया था। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) को एक लावारिस बैग मिला था। जिसके बाद एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था।