कर्नाटक में कांग्रेस सरकार ने अपना एक चुनावी वादा बुधवार को पूरा कर दिया। कर्नाटक के मैसूर में राहुल गांधी की मौजूदगी में गृहलक्ष्मी योजना का शुभारंभ किया। इस योजना से परिवार की महिला मुखिया को प्रतिमाह 2,000 रुपये की नकद सहायता दी जाएगी।

कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल ने कहा कि चुनाव से पहले हमनें पांच वादे किए थे। कांग्रेस या उसके नेता कुछ कहते हैं, तो हम करके दिखाते हैं। ये हमारी और कर्नाटक सरकार की गारंटी है। हमने जो वादे किये उन्हें सरकार पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इससे पहले, राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने मंगलवार को मैसूरु जिला मुख्यालय में प्रसिद्ध चामुंडेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना की। सबसे पहले प्रतीकात्मक रूप से देवी चामुंडेश्वरी को 2000 रुपए की धनराशि समर्पित की गई।

गृहलक्ष्मी योजना के तहत 1.11 करोड़ परिवारों की महिला मुखिया को 2,000 रुपये ट्रांसफर किए गए। अगले साल लाभार्थियों की संख्या 1.3 करोड़ तक जाने का लक्ष्य है। इसमें गरीबी रेखा से नीचे और ऊपर के परिवारों की महिलाएं पात्र हैं। इसका लाभ केवल वे परिवार ही उठा सकते हैं जो वस्तु और सेवा कर (जीएसटी) और आयकर रिटर्न दाखिल नहीं करते हैं। योजना के अंत्योदय कार्डधारक भी पात्र हैं। अंत्योदय योजना गरीबों को सब्सिडी वाला भोजन देती है।