कटनी. जिले के मुखिया के पास फरियाद लेकर पहुंची एक वृद्ध महिला को कलेक्टर के अर्दलियों ने गैलरी में ही रोक दिया। कलेक्टर से मिलने ही नहीं दिया. जब गैलरी से होकर वृद्धा एसपी कार्यालय जाने लगी तो कर्मचारी ने उसे निकलने भी नहीं दिया। इधर एसपी सुनील कुमार जैन को जैसे ही वृद्धा के आने की खबर मिली वे कुर्सी छोड़ प्रथम तल से नीचे उतरकर आए. उन्होंने वृद्धा के पास बैठकर समस्या जानी।
वृद्ध महिला सुशीला तिवारी ने एसपी को बताया कि उसके पति की मौत हो गई है। दो बेटे हैं, वह उनसे अलग रहती है। छोटा बेटा नरेश तिवारी उसे घर में नहीं रहने देता। पूर्व में मारपीट भी कर चुका है। पति की मौत के चलते वह बेसहारा हो गई। पीड़ा बताते हुए वृद्धा की आंखों में आंसू डबडबा गए. इस पर एसपी ने उन्हें शांत कराया और समस्या निराकरण कराने आश्वस्त किया। उन्होंने ऊपर से बिस्किट का डिब्बा बुलाया और बिस्किट खिलाया, पानी पिलाया और फिर चाय भी पिलाई। एसपी ने कहा कि परेशान मत हो अम्मा, अब आपको कोई दिक्कत नहीं होगी।
वृद्ध महिला की शिकायत पर एसपी ने बिलहरी चौकी प्रभारी केके पटेल को बुलाया और तत्काल उनकी समस्या का निराकरण करने कहा। एसपी जैन ने दो-टूक कहा कि वृद्धा के घर में लड़के रहें या ना रहें, इन्हें कोई परेशानी नहीं होना चाहिए। इसके बाद बिलहरी चौकी प्रभारी केके पटेल वृद्धा को कार में बैठाकर उसके घर ले गए। दोनों बेटो को उन्होंने फटकार लगाते हुए समझाइश भी दी। उनसे कहा कि अब वृद्ध मां को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। लड़के को हिदायत दी कि अब परेशान किया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।