केरल के कोझिकोड में चलती ट्रेन में एक शख्स को आग के हवाले करने का मामला सामने आया है। हालांकि पुलिस उस समय उलझ गई जब पता चला कि उसी ट्रेन में सवार तीन लोगों की लाश पटरी पर मिली है। आरोपी फरार है।
जब अलप्पुझा - कन्नूर एग्जीक्यूटिव एक्सप्रेस ट्रेन कोझिकोड स्टेशल को पार करने के बाद कोरापुझा रेलवे पुल पर पहुंची, तो एक अज्ञात व्यक्ति ने अन्य यात्री पर ज्वलनशील तरल डाला और उसे आग लगा दी। इस घटनाक्रम में कम से कम आठ लोग झुलस गए। यात्रियों ने चेन खींचकर ट्रेन को रुकवाया और पुलिस बुलाई।
ट्रेन कन्नूर पहुंची, तो कुछ यात्रियों ने घटना के बाद एक महिला और एक बच्चे के लापता होने की शिकायत की। इसके बाद सूचना आई कि एलाथुर रेलवे स्टेशन के पास पटरियों पर एक साल के मासूम के साथ ही एक महिला और एक अन्य शख्स मृत पाए गए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है।