इंदौर: विश्व मातृ दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था केसरी फाउंडेशन द्वारा एक प्रेरणादायी एवं भावनात्मक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से मातृत्व की व्यापक भावना को सम्मानित करते हुए महिला चिकित्सकों एवं नर्सों का अभिनंदन किया गया।
साउथ तुकोगंज स्थित भोरसकर अस्पताल में आयोजित इस समारोह में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वैजयंती भोरस्कर सहित नर्सिंग स्टाफ सिस्टर मंजू, मीना, आशा, ज्योति, इंदु एवं रानी का पुष्पगुच्छ एवं सम्मान भेंट कर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इन सेवाभावी मातृस्वरूप महिलाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
संस्था की अध्यक्ष रोमा मल्होत्रा ने कहा कि मातृत्व केवल जन्म देने तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा, संरक्षण और समर्पण की प्रत्येक भावना में विद्यमान है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में कार्यरत महिला चिकित्सक एवं नर्सें कठिन परिस्थितियों में भी मां की तरह रोगियों की सेवा करती हैं, इसलिए उनका सम्मान समाज का नैतिक दायित्व है।
कार्यक्रम के दौरान संस्था द्वारा भारतीय संस्कृति की प्रतीक गौमाता का पूजन-अर्चन कर उन्हें स्नेहपूर्वक भोजन भी कराया गया। इस अवसर पर गौसेवा के माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों एवं संवेदनाओं को जीवंत करने का संदेश दिया गया।
मारोह में मनोज नजान, रोहन मल्होत्रा, लतिका नजान सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने समाज को यह संदेश दिया कि सेवा, ममता और करुणा के प्रत्येक स्वरूप का सम्मान ही मातृ दिवस की वास्तविक सार्थकता है।