Indian Railways: उदयपुर से खजुराहो जा रही उदयपुर-खजुराहो इंटरसिटी ट्रेन में आग लगने की घटना सामने आई है. ग्वालियर के सिथोली स्टेशन के पास अचानक ट्रेन के इंजन में आग लग गई, जिसके बाद यात्रियों में भगदड़ मच गई.
दरअसल, आग की सूचना मिलते ही लोको पायलट ने सिथोली स्टेशन के पास ट्रेन रोक दी और कंट्रोल रूम को सूचना दी. इससे पहले आज सुबह ही बेंगलुरु के क्रांतिवीरा संगोल्ली रायन्ना (केएसआर) रेलवे स्टेशन पर एक उद्यान एक्सप्रेस ट्रेन में भी आग लग गई. हालांकि, उस समय कोई भी यात्री ट्रेन में सवार नहीं था.
आग पर काबू पाने की कोशिश जारी-
सूचना मिलते ही ग्वालियर से दमकल कर्मियों को तत्काल मौके पर भेजा गया. मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझाना शुरू कर दिया है. दमकल कर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं. इंजन में आग लगने से ट्रेनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है. आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, उदयपुर खजुराहो एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय 12:14 मिनट की जगह 12:35 मिनट की देरी से ग्वालियर स्टेशन पहुंची. इसके बाद ट्रेन 12:45 को झांसी के लिए रवाना हो गई. जब वह ग्वालियर स्टेशन से करीब 7 किमी दूर सिथोली स्टेशन पर पहुंची तो उसके इंजन में आग लग गई.
आग की सूचना मिलते ही लोको पायलट ने तुरंत उसी जगह ट्रेन रोक दी. इसके बाद कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी गई. जैसे ही लोगों को पता चला कि इंजन में आग लग गई है, यात्रियों में भगदड़ मच गई. सभी यात्री ट्रेन से नीचे उतर गये.