खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 में मध्यप्रदेश पुरूष हॉकी टीम को रोमांचक मुकाबले में ओडिशा को 3-2 से मात देकर गोल्ड मेडल जीता। वहीं प्रदेश की महिला हॉकी टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। है। मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने मध्यप्रदेश की हॉकी टीम को शानदार प्रदर्शन पर बधाई दी है।
लड़कों की टीम ने हॉकी का पावरहाउस कहे जाने वाले ओडिशा को 3-2 से हरा कर स्वर्ण पदक जीता। दूसरी ओर लड़कियों की टीम ने निर्धारित समय में झारखंड को कड़ी टक्कर देते हुए 1-1 से बराबरी की। हालांकि पेनल्टी शूट आउट में मेजबान टीम 4-3 से पिछड़ गई और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। लड़कों के वर्ग में पंजाब ने झारखंड को 2-0 से हरा कर कांस्य पदक जीता। हरियाणा की लड़कियों ने ओडिशा को 1-0 से हराकर कांस्य पदक जीता।
मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने कहा कि खेल क्षेत्र में मध्यप्रदेश की गौरवान्वित करने वाली इन उपलब्धि पर सभी प्रदेशवासियों को गर्व है। मध्यप्रदेश की बेटियों ने आज झारखंड की टीम को कड़ी टक्कर दी।मध्यप्रदेश की टीम ने पूरा परिश्रम किया और यह टीम भविष्य में होने वाली अन्य स्पर्धाओं के लिए अच्छी तरह तैयार हो चुकी है।
खेलो इंडिया में पदक तालिका में मध्यप्रदेश तीसरे क्रम पर है। मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने कहा कि 11 फरवरी को भोपाल में खेलो इंडिया की खेल गतिविधियों के समापन पर खेल प्रतिभाओं से भेंट और बातचीत के लिए उत्सुक हूँ।